वन विभाग में नियम विरुद्ध ट्रांसफर पर बवाल, लिपिक संघ ने खोला मोर्चा…
बिलासपुर:- बिलासपुर वन विभाग में नियम विरुद्ध स्थानांतरण को लेकर अब विवाद गहराता नजर आ रहा है। वन विभाग में कार्यरत कर्मचारी सुरेंद्र यादव के तबादले को लेकर लिपिक संघ ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि सीसीएफ कार्यालय द्वारा वन वृत्त में पदस्थ सुरेंद्र यादव का नियमों के खिलाफ स्थानांतरण कर उन्हें सीसीएफ कार्यालय भेज दिया गया है, जबकि वर्तमान समय में प्रदेशभर में स्थानांतरण पर प्रतिबंध लागू है।जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र यादव वन वृत्त में पदस्थ एकमात्र लिपिक थे। ऐसे में उनके स्थानांतरण के बाद कार्यालयीन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं, लिपिक संघ का आरोप है कि एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को प्रभार देकर काम कराने की मंशा से यह पूरा कदम उठाया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।इस मामले को लेकर जिला लिपिक संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश कश्यप ने कड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि जब शासन स्तर पर स्थानांतरण पर रोक लगी हुई है, तब इस तरह का आदेश जारी होना कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि यदि किसी कर्मचारी का स्थानांतरण करना ही है तो वह मुख्यमंत्री समन्वय समिति की प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, न कि किसी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से।लिपिक संघ ने साफ चेतावनी दी है कि अगर सोमवार तक सुरेंद्र यादव का स्थानांतरण आदेश निरस्त नहीं किया गया, तो वन परिसर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। संघ का कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों और नियमों के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अब देखना होगा कि बढ़ते विरोध और कर्मचारियों के आक्रोश के बीच वन विभाग इस मामले में क्या फैसला लेता है।



