खेल अकादमी कोरबा में जोश और उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

कोरबा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल अकादमी, कोरबा में खेल भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अकादमी के प्रशिक्षुओं के बीच बास्केटबॉल, फुटबॉल, तैराकी एवं वॉलीबॉल के इन-हाउस मैच आयोजित किए गए, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
इन मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीमवर्क एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। मैदान से लेकर स्वीमिंग पूल तक खिलाड़ियों में जीत के लिए उत्साह और उमंग देखने को मिली। इन-हाउस मैचों का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान करने के साथ-साथ नियमित प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल को वास्तविक मुकाबले में प्रदर्शित करने का अवसर देना था।
इस अवसर पर डॉ. विकास नंदा (PT), प्रशासक, खेल अकादमी, कोरबा ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि—
खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का निर्माण करता है। हमारा प्रयास है कि खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को बेहतर प्रशिक्षण के साथ अपनी प्रतिभा को प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलें।”
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता केवल जीतने में नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और अपनी कमियों को सुधारते हुए बेहतर प्रदर्शन करने में है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने तथा अपने-अपने खेल में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन के माध्यम से खेल अकादमी ने खिलाड़ियों के बीच खेलों के प्रति उत्साह एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया। विभिन्न खेलों में आयोजित इन मुकाबलों ने प्रशिक्षुओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ एक-दूसरे से सीखने और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल अकादमी के प्रशिक्षकों एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन को यादगार बनाया।



