गोपाल राव को फ्लाइट में देख लोगों ने लगाए ‘चढ़ावा चोर’ के नारे, शंकराचार्य बोले- ‘जनता इनको पीटेगी’
गोपाल राव को फ्लाइट में देख लोगों ने लगाए ‘चढ़ावा चोर’ के नारे, शंकराचार्य बोले- ‘जनता इनको पीटेगी’

अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी गोपाल राव को फ्लाइट में देखकर लोग भड़क गए। उन्होंने ‘चंदा चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। फ्लाइट की केबिन क्रू ने यात्रियों को समझाया।
मामला 2 जुलाई का है। मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव सुबह 7:05 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E0231 से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए थे, तभी यह वाकया हुआ।
इधर, मंदिर ट्रस्ट ने अपनी 6 जुलाई को होने वाली बैठक का शनिवार को एजेंडा जारी किया। इसमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और न्यासी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला होगा। इसके अलावा SIT की शुरुआती रिपोर्ट और मंदिर प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान मंदिर की सजावट में गड़बड़ी की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि सजावट का काम अलग-अलग ठेकेदारों को दिया गया था। बाद में अतिरिक्त काम दिखाकर ठेकेदारों को ज्यादा भुगतान किया गया।
वहीं, चंपत राय के ट्रस्ट से इस्तीफा देने को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने तंज कसा। कहा- क्या इतने बड़े भगवान के दरबार में चोरी करके इस्तीफा देने से छुट्टी मिल जाएगी? ये क्या नाटक बना रखा है? पीटे जाओगे। अगर सरकार ने इनको जेल में नहीं डाला और सही सजा नहीं दिलवाई, तो जनता इनको पीटेगी।
उधर, आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की है। उन्होंने चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग की है। शुक्रवार को ही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अनिल मिश्रा से करीब 3 घंटे लगातार पूछताछ की थी। प्रभारी गोपाल राव से भी सवाल किए गए थे। दोनों से प्रॉपर्टी से जुड़े सभी दस्तावेज मांगे गए हैं। दोनों के बैंक स्टेटमेंट की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट से 5 साल का ऑडिट भी मांगा गया है।



