कोरबा

ये शाम मस्तानी” कार्यक्रम में गूंजे सदाबहार नगमे

किशोर कुमार जयंती पर हुआ संगीतमय आयोजन

कोरबा, 7 अगस्त। महान पार्श्वगायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के उपलक्ष्य में सरगम म्यूजिकल ग्रुप द्वारा साहित्य भवन, कोरबा में “ये शाम मस्तानी” एक शाम किशोर के नाम संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। शाम 6:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम में किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोरबा के निर्विरोध निर्वाचित पार्षद नरेंद्र देवांगन थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्य भवन के अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री  हेमलता शर्मा तथा जिला परियोजना अधिकारी ज्योति शर्मा उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि नरेंद्र देवांगन ने कहा कि संगीत से जुड़े लोग हमेशा हंसते मुस्कुराते रहते हैं और जीवन को उत्साह के साथ जीते हैं इसलिए संगीत सभी के दिलों में रहना चाहिए ।
इसके बाद उन्होंने किशोर कुमार का एक बेहतरीन नगमा “नीले-नीले अंबर पर चाँद जब आए” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं विशिष्ट अतिथि श्रीमती हेमलता शर्मा ने संदीप शर्मा के साथ “हाल कैसा है जनाब का” युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में रश्मि चौबे, एन. के. त्रिपाठी, सरोज सोनी, संदीप शर्मा, चिंतन ओट्टालवार, पी. के. दत्ता, बसंत राणा, जयंत चंद्रा, मनोज अग्रवाल, सुनील रंजन साहू, ओम प्रकाश रात्रे, चित्रलेखा राव, शैलेश चौधरी, नवीन शर्मा, सुनील मानिकपुरी, प्रिया महंत, जितेंद्र बघेले,लेखराम पटेल, संजीव राय एवं शैलेश गुप्ता सहित सभी कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर समां बाँध दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

पूरे आयोजन के दौरान साहित्य भवन खचाखच भरा रहा और संगीत प्रेमी देर रात तक सुरों की इस अविस्मरणीय संध्या का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन सरगम म्यूजिकल ग्रुप के डायरेक्टर संदीप शर्मा ने किया।

सभी अतिथियों ने कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
अंत में सभी कलाकारों ने समूह गीत के रूप में ये शाम मस्तानी मदहोश किए जाए गीत की प्रस्तुति दी। आभार प्रदर्शन ज्योति शर्मा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button