राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: ड्रंकन ड्राइविंग, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी पर सख्त कार्रवाई…बिलासपुर SSP रजनेश सिंह की जनता से अपील

बिलासपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर बिलासपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ड्रंकन ड्राइविंग, अत्यधिक गति, लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन, खतरनाक स्टंटिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।इस अवसर पर बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। SSP रजनेश सिंह ने कहा कि “शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार और लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों की जान के लिए गंभीर खतरा बनता है।”

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रोमांच के नाम पर स्टंटिंग या खतरनाक वाहन चालन से दूर रहें। सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।SSP रजनेश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने एवं नशे की हालत में वाहन चालन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।SSP रजनेश सिंह का संदेश—“सड़क पर संयम, सतर्कता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोक सकता है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुँचें — यही हमारा संकल्प है।”



