टॉप न्यूज़

36वें यातायात जन-जागरूकता माह के तहत भोपालपत्तनम में भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय के मैदान में जुम्बा, रंगोली व खेलकूद के माध्यम से दिया गया सुरक्षा का संदेश

भोपालपत्तनम जिला पुलिस प्रशासन के निर्देशन में 36वें यातायात जन-जागरूकता माह के अंतर्गत आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय भोपालपत्तनम के मैदान में एक भव्य एवं प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला अधिकारों एवं नक्सल उन्मूलन के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जुम्बा नृत्य, रंगोली प्रतियोगिता तथा विविध खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रंगोली, दौड़ एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को मंच से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस घनश्याम कामड़े, उप पुलिस अधीक्षक एवं यातायात नोडल अधिकारी विनीत कुमार साहू, थाना प्रभारी भोपालपत्तनम जीवन जांगड़े, रोड सेफ्टी सेल से अवध सिन्हा, सखी सेंटर से सुनीता तामड़ी, सायबर सेल से भारती देवांगन, रेडक्रॉस से  नरवेद जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यातायात नोडल अधिकारी  विनीत कुमार साहू ने अपने संबोधन में हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के पालन का सशक्त संदेश दिया।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री घनश्याम कामड़े ने शासन द्वारा किए जा रहे नक्सल उन्मूलन एवं आत्मसमर्पण नीति के प्रयासों की जानकारी देते हुए आमजन से सहयोग की अपील की।
अवध सिन्हा द्वारा यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, भारती देवांगन ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए तथा सुश्री सुनीता तामड़ी ने महिला अधिकार एवं महिला कानूनों के संबंध में जागरूक किया।

कार्यक्रम में डीएवी स्कूल भोपालपत्तनम एवं आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय भोपालपत्तनम के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, भोपालपत्तनम थाना स्टाफ एवं यातायात स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस आयोजन के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा समाज में सुरक्षित यातायात, जागरूक नागरिक एवं सशक्त समाज का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button