सतनाम स्वाभिमान यात्रा का जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने किया परंपरागत स्वागत…नेहरू चौक में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी व छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के सेनानियों ने सतनाम स्वाभिमान यात्रा का किया भव्य अभिनंदन

अंजनी कुमार साहू सीपत
बिलासपुर – सतनाम पंथ के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संवैधानिक अधिकारों को लेकर निकाली जा रही सतनाम स्वाभिमान यात्रा का बिलासपुर जिला मुख्यालय के नेहरू चौक में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के सेनानियों ने यात्रा में शामिल गुरुओं, कार्यकर्ताओं और अनुयायियों का फूल-मालाओं, नारियल के संग लाल गमछा भेंट कर गुरुघासी बाबा के जयघोष और सतनाम पंथ के प्रतीकों के साथ आत्मीय अभिनंदन किया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सतनाम स्वाभिमान यात्रा छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों, सतनाम समाज के आत्मसम्मान, समानता और अधिकारों की सशक्त आवाज है। बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एक समान” के विचार को जन-जन तक पहुँचाने का यह प्रयास समाज को नई दिशा देगा।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सतनाम समाज के सम्मान, अधिकार और छत्तीसगढ़िया अस्मिता की रक्षा के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के सेनानियों पदाधिकारियों के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।



