बिलासपुर

बिलासपुर में बारिश का कहर: कलेक्टर संजय अग्रवाल का हाई अलर्ट,,सभी बैठकें रद्द; राहत-बचाव के लिए अधिकारी मैदान में,,प्रभावितों को तुरंत मदद के निर्देश…..

बिलासपुर में बारिश का कहर: कलेक्टर संजय अग्रवाल का हाई अलर्ट,,सभी बैठकें रद्द; राहत-बचाव के लिए अधिकारी मैदान में,,प्रभावितों को तुरंत मदद के निर्देश…..

बिलासपुर, 17 जुलाई। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को अपनी सभी निर्धारित बैठकें निरस्त कर अधिकारियों को तत्काल फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

 

कलेक्टर ने बताया कि जिले के कई क्षेत्रों में तीन से चार फीट तक पानी भरने की सूचना मिल रही है। ऐसे स्थानों पर फंसे लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम, जनपद पंचायत, राजस्व और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

उन्होंने सड़क, नदी और नालों की स्थिति का लगातार निरीक्षण करने, जलस्तर का आकलन करने तथा जहां जरूरत हो वहां तत्काल बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा गया है।

 

बारिश से प्रभावित कच्चे मकानों को लेकर भी जिला प्रशासन ने संवेदनशील रुख अपनाया है। कलेक्टर ने राजस्व और नगर निगम अमले को निर्देश दिए हैं कि जिन परिवारों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल प्रकरण तैयार कर नियमानुसार शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे और राहत वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

कलेक्टर ने सभी मैदानी अधिकारियों को नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और निचली बस्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने के लिए कहा गया है।

 

प्रशासन की आमजन से अपील:जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। पुल-पुलियों पर पानी होने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें तथा जर्जर या क्षतिग्रस्त मकानों में रहने से बचें। यदि किसी क्षेत्र में जलभराव या मकान क्षतिग्रस्त होने जैसी स्थिति हो तो तत्काल स्थानीय प्रशासन या राजस्व अमले को सूचना दें।

 

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button