डी. ए. वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल खरमोरा कोरबा में वेद प्रचार सप्ताह व श्रावणी पर्व का हुआ शुभारंभ
डी. ए. वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल खरमोरा कोरबा में दिनांक 31/08/2023 दिन गुरुवार को वेद प्रचार सप्ताह व श्रावणी पर्व का शुभारंभ किया गया। यह हवन विद्यालय के प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी के दिशा – निर्देशन व बालको के आर्य समाज के पंडित उद्धव प्रसाद शास्त्री के मार्गदर्शन में यह वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ किया गया। यह आर्य समाज का 147 वाँ वेद प्रचार सप्ताह और श्रावणी उपाकर्म 31 अगस्त से प्रारंभ होकर यज्ञ की पूर्णाहूति 6 सितंबर को होगी। श्री कृष्ण जन्माष्टमी तक चलने वाले कार्यक्रम में वैदिक प्रवचन , भजन शांति पाठ , चारों वेद ऋग्वेद , सामवेद, अथर्वेद , यजुर्वेद के मंत्रों का पाठ किया जाएगा। इस वेद सप्ताह यज्ञ के प्रथम दिन पर सभी वेदों के कुछ मंत्रों का विद्यार्थियों एवं शिक्षकगणों ने हवन कुंड में आहुतियाँ देते हुए स्ववाचन के साथ मंत्रों का पाठ किया । यज्ञ में आहूती देते हुए सभी के सुखद एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई। यज्ञ के अंत में विद्यालय के प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी ने वेदों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वेद सप्ताह में यज्ञ एवं शांति पाठ का आयोजन कर स्कूल के विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य, विद्यालय की समृद्धि व विश्व शांति की कामना की जाएगी। इसके साथ ही यह यज्ञ विद्यार्थियों को संयम , बंधुत्व, सहनशीलता, सदभावना और प्रेम की भावनाओं से ओत -प्रोत करते हुए माता -पिता की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा व स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा। प्राचार्य ने यह भी बताया की वेद प्रचार सप्ताह मनाने का उद्देश्य बच्चों में नैतिक संस्कार , परोपकार और अनुशासन की भावना जागृत कराना है।