Uncategorized

सीसी रोड लापरवाही पर पंचायत सचिव निलंबित

सीसी रोड लापरवाही पर पंचायत सचिव निलंबित

15 जुलाई.मुंगेली:- जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलदहा में सीसी रोड निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही की शिकायत पर ग्राम पंचायत सिलदहा के सचिव भूपत राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जांच के बाद की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार, ग्राम सिलदहा निवासी मनोज वर्मा एवं अजय राजपूत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वीकृत सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया है तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पंचायत सचिव भूपत राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जांच में स्वीकृति मिलने के बावजूद सीसी रोड का निर्माण नहीं कराए जाने तथा उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने पंचायत सचिव भूपत राजपूत को छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1999 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया निर्धारित किया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत बेलखुरी के पंचायत सचिव खांडेराम जांगड़े को ग्राम पंचायत सिलदहा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील निराकरण प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है तथा शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या आदेशों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button