चरित्र शंका में हैवान बना पति: पत्नी को बुलेट से कई बार कुचलकर मारने की कोशिश,,रायगढ़ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को भेजा जेल….
चरित्र शंका में हैवान बना पति: पत्नी को बुलेट से कई बार कुचलकर मारने की कोशिश,,रायगढ़ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को भेजा जेल….

रायगढ़:रायगढ़ जिले में घरेलू विवाद का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चरित्र शंका में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलकर हत्या करने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के क्रम में थाना जूटमिल पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता गणेशी साहू (32) ने थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2014 में उसने अमित साहू से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं, लेकिन विवाह के बाद से आरोपी शराब के नशे में अक्सर मारपीट और प्रताड़ना करता था। लगातार अत्याचार से परेशान होकर पीड़िता बच्चों को सास के पास छोड़ अलग किराये के मकान में रहने लगी थी।
शिकायत के मुताबिक 30 जून, जो पीड़िता का जन्मदिन था, आरोपी ने भविष्य में शराब नहीं पीने और अच्छे व्यवहार का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद 03 जुलाई की रात वह पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से अपने घर कोड़ातराई ले गया, जहां चरित्र पर संदेह को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। जान बचाने के लिए जब महिला घर से बाहर भागी तो आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG-16-CQ-2698 से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया।
इसके बाद हत्या की नीयत से कई बार मोटरसाइकिल उसके शरीर के ऊपर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। इस हमले में महिला के सिर, गर्दन, हाथ, जांघ, चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता की शिकायत पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित साहू (36), निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र सिंह पटेल एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

