राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर अभाविप द्वारा करियर मार्गदर्शन एवं मेधावी छात्र का हुआ सम्मान…
राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर अभाविप द्वारा करियर मार्गदर्शन एवं मेधावी छात्र का हुआ सम्मान…

मुंगेली– 11 जुलाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मुंगेली इकाई द्वारा विद्यार्थी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में करियर मार्गदर्शन एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कारों की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने, समय का सदुपयोग करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के बल पर ही विद्यार्थी अपने जीवन में बड़ी उपलब्धियाँ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा कानून का सम्मान करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील कीइस अवसर पर वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रांत मंत्री अनंत सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। परिषद विद्यार्थियों में ज्ञान, शील, एकता, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का कार्य करती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल एवं अभाविप के प्रदेश मंत्री अनंत सोनी नगर सहमंत्री अरुण साहू कैंपस सहमंत्री अदिति सेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ राष्ट्रहित, सामाजिक दायित्व, व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। अंत में सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।


